crime
नंबर ब्लॉक करने पर PG में घुसकर छात्रा की हत्या l
छत्तीसगढ़ के भिलाई में एकतरफा प्यार में पागल युवक ने 19 वर्षीय फार्मेसी छात्रा की पीजी में घुसकर चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, छात्रा ने शादी से इनकार कर आरोपी से बातचीत बंद कर दी थी और उसका मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया था। इससे नाराज आरोपी ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को बलौदाबाजार से गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और बाइक बरामद कर ली है।

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में एकतरफा प्यार का खौफनाक मामला सामने आया है, जहां शादी से इनकार और मोबाइल नंबर ब्लॉक किए जाने से नाराज एक युवक ने 19 वर्षीय फार्मेसी छात्रा की उसके पीजी में घुसकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान खुशी साहू (19) के रूप में हुई है, जो बेमेतरा की रहने वाली थी और भिलाई में पीजी में रहकर फार्मेसी की पढ़ाई कर रही थी।
आरोपी की पहचान 24 वर्षीय लाकेश्वर साहू उर्फ पिंटू के रूप में हुई है, जो बलौदाबाजार का निवासी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे और दूर के रिश्तेदार भी थे। आरोपी खुशी पर लगातार शादी का दबाव बना रहा था, लेकिन छात्रा ने इस रिश्ते से साफ इनकार कर दिया और उससे बातचीत बंद कर दी। घटना से करीब पांच दिन पहले उसने आरोपी का मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया था। जांच में सामने आया है कि नंबर ब्लॉक किए जाने के बाद आरोपी ने छात्रा की हत्या की साजिश रची। वह वारदात से एक दिन पहले रायपुर से चाकू लेकर भिलाई पहुंचा था। उसी दिन उसने हत्या की कोशिश की, लेकिन छात्रा नहीं मिली। अगले दिन उसने खुशी की रूममेट से फोन पर उसकी लोकेशन की जानकारी ली और सीधे पीजी पहुंच गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पूरी तैयारी के साथ आया था। उसने पहचान छिपाने के लिए दो शर्ट पहन रखी थीं और पैंट के अंदर बरमूडा भी पहन रखा था। कमरे में पहुंचते ही उसने पहले छात्रा का गला दबाया और फिर चाकू से उसके पेट, पीठ और हाथ पर कई वार किए। पुलिस के अनुसार, आरोपी करीब चार मिनट तक कमरे के अंदर रहा और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद जब खुशी की रूममेट कमरे में पहुंची तो वह खून से लथपथ गंभीर हालत में पड़ी मिली। तुरंत परिजनों को सूचना दी गई और छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य इनपुट के आधार पर आरोपी को बलौदाबाजार से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, सबूत मिटाने के उद्देश्य से आरोपी ने घटना के बाद अपने कपड़े और जूते नदी में फेंक दिए थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर भी लेकर गई, जहां उससे पूरे घटनाक्रम का सीन रिक्रिएट कराया गया। भिलाई नगर पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शादी से इनकार और मोबाइल नंबर ब्लॉक किए जाने के बाद आरोपी ने पूरी योजना बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।
