education
कल्याण-डोंबिवली में 661 जर्जर इमारतें, प्रशासन का सख्त रुख—खाली नहीं करने पर होगी पुलिस कार्रवाई
भिवंडी के कोहिनूर अपार्टमेंट हादसे के बाद कल्याण-डोंबिवली में जर्जर इमारतों का मुद्दा फिर से गंभीर हो गया है। KDMC क्षेत्र में 661 इमारतें खतरनाक घोषित हैं, जिनमें 204 अत्यंत खतरनाक श्रेणी की हैं। इनमें से 143 इमारतों में अभी भी लोग रह रहे हैं। प्रशासन ने निवासियों को तत्काल मकान खाली करने के निर्देश दिए हैं और चेतावनी दी है कि सहयोग नहीं करने पर पुलिस की मदद से कार्रवाई की जाएगी।

भिवंडी के कोहिनूर अपार्टमेंट हादसे के बाद कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (KDMC) ने जर्जर और खतरनाक इमारतों को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। महानगरपालिका के रिकॉर्ड के अनुसार, शहर में कुल 661 इमारतें खतरनाक घोषित की गई हैं, जिनमें से 204 इमारतें अत्यंत खतरनाक (C-1 श्रेणी) में हैं।
इन 204 इमारतों में से 143 इमारतों में अब भी सैकड़ों लोग रह रहे हैं, जिन्हें तत्काल मकान खाली करने के नोटिस जारी किए गए हैं। KDMC ने स्पष्ट किया है कि यदि निवासी स्वेच्छा से इमारतें खाली नहीं करते हैं, तो पुलिस की सहायता से कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा 61 खाली पड़ी अत्यंत खतरनाक इमारतों को जल्द ध्वस्त किया जाएगा, जबकि 15 इमारतों को पहले ही गिराया जा चुका है। वहीं, 51 इमारतों का स्ट्रक्चरल ऑडिट अभी लंबित है। इन इमारतों का ऑडिट KDMC के पैनल में शामिल विशेषज्ञों से कराया जाएगा।
महानगरपालिका ने सभी सहायक आयुक्तों को अपने-अपने प्रभागों की खतरनाक इमारतों की अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने और नियमानुसार आवश्यक एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
