crime

वाराणसी एयरपोर्ट पर पिस्टल से चली गोली, 2 यात्री घायल l

वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुंबई जाने पहुंचे एक यात्री की पिस्टल से अचानक गोली चल गई। गोली फर्श से टकराकर पास खड़े एक युवक के हाथ और महिला की जांघ में जा लगी। दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने यात्री को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। यात्री ने सुरक्षा जांच से पहले ही पिस्टल और मैगजीन की जानकारी अधिकारियों को दे दी थी। अब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि जांच के दौरान लाइसेंसी हथियार से गोली आखिर कैसे चली।

Kashish Rai19 अग. 2026, 10:02 AM IST
खबर शेयर करें:
वाराणसी एयरपोर्ट पर पिस्टल से चली गोली, 2 यात्री घायल l

वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मुंबई जाने के लिए पहुंचे एक यात्री की पिस्टल से अचानक गोली चल गई। गोली पहले एयरपोर्ट के फर्श से टकराई और फिर पास खड़े एक युवक के हाथ और एक महिला की जांघ में जा लगी। हादसे में दोनों घायल हो गए। उन्हें तत्काल हरहुआ के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

घटना के बाद पुलिस ने यात्री को हिरासत में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के मुताबिक, आजमगढ़ निवासी कमलेश राय एयर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई जाने वाले थे। कमलेश राय शिवसेना नेता हैं और मुंबई में पूर्व पार्षद रह चुके हैं।

सुरक्षा जांच के दौरान चली गोली

वाराणसी एयरपोर्ट के डायरेक्टर पुनीत गुप्ता के मुताबिक, यात्री ने सुरक्षा जांच से पहले अपने पास मौजूद पिस्टल और मैगजीन की जानकारी अधिकारियों को दे दी थी। हथियार और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान अचानक पिस्टल से गोली चल गई। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, घटना के समय हथियार के मालिक और संबंधित स्टाफ दोनों मौके पर मौजूद थे। गोली लगने से घायल दोनों लोगों का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है।

लाइसेंसी पिस्टल से गोली कैसे चली?

इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग आखिर किस तरह हुई। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार की जांच के दौरान पिस्टल की स्थिति क्या थी और किस वजह से अचानक ट्रिगर दबा या फायरिंग हुई। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि एयरपोर्ट पर हथियार और कारतूस ले जाने तथा उनकी जांच से जुड़ी निर्धारित प्रक्रिया का पूरी तरह पालन किया गया था या नहीं। मामले में हथियार के दस्तावेजों और लाइसेंस की भी जांच की जा रही है।

विमान में हथियार ले जाने के क्या हैं नियम?

यात्रियों को विमान में हथियार ले जाने के लिए निर्धारित नियमों का पालन करना होता है। हथियार यात्री के वैध आर्म्स लाइसेंस में दर्ज होना चाहिए और चेक-इन के समय एयरलाइन को हथियार और कारतूस की जानकारी देना जरूरी होता है। पिस्टल अनलोडेड यानी बिना गोली के होनी चाहिए और उसे केबिन या हैंड बैगेज में ले जाने की अनुमति नहीं होती। निर्धारित प्रक्रिया के तहत हथियार को सुरक्षित तरीके से चेक-इन बैगेज में जमा किया जाता है। हथियार और कारतूस का कुल वजन 5 किलोग्राम से अधिक नहीं होना चाहिए।


हथियार को बिना घोषित किए विमान में ले जाने की कोशिश करने पर अलग से कार्रवाई हो सकती है। फिलहाल वाराणसी एयरपोर्ट पर हुई इस घटना में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सभी निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन हुआ था या नहीं और फायरिंग की असली वजह क्या थी।