crime

जोगेश्वरी स्टेशन पर फिल्मकर्मी से मारपीट l

जोगेश्वरी रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म पर सो रहे एक फिल्मलाइन कर्मी के साथ कथित तौर पर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने पहले उसे उठाकर विवाद किया और फिर उसके चेहरे पर कई मुक्के मारे। घटना में घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

Kashish Rai04 सित. 2026, 06:37 PM IST
खबर शेयर करें:
जोगेश्वरी स्टेशन पर फिल्मकर्मी से मारपीट l

मामला जोगेश्वरी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 का है। शिकायत के मुताबिक, 57 वर्षीय फिल्मलाइन कर्मी 30 अगस्त को भायंदर से अपने दोस्त के घर से लौट रहे थे। वह अंधेरी जाने वाली लोकल ट्रेन से जोगेश्वरी स्टेशन पहुंचे। बताया गया कि शराब के नशे के कारण वह प्लेटफॉर्म पर लगी स्टील की बेंच पर बैठते ही सो गए। करीब शाम 7:10 बजे एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास आया और उन्हें जगाकर वहां सोने को लेकर सवाल करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बहस के दौरान आरोपी ने गाली-गलौज की और उनके चेहरे पर मुक्कों से हमला कर दिया।


मारपीट के बाद शिकायतकर्ता के चेहरे पर चोट आई। घटना की जानकारी मिलने पर ड्यूटी पर मौजूद रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुका था। इसके बाद घायल व्यक्ति को पहले जोगेश्वरी के ट्रॉमा अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें इलाज के लिए कूपर अस्पताल, विले पार्ले ले जाया गया। डॉक्टरों ने सीटी स्कैन और चेहरे का एक्स-रे कराया। इलाज के दौरान उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया और डॉक्टरों ने आगे सर्जरी की सलाह दी।


शिकायतकर्ता को 2 सितंबर को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्होंने अंधेरी रेलवे पुलिस स्टेशन पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के सामने अब आरोपी की पहचान करना सबसे बड़ी चुनौती है। बताया गया है कि आरोपी की उम्र करीब 30 से 35 साल और कद लगभग 5 फीट 3 इंच है। पुलिस स्टेशन और प्लेटफॉर्म के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है। साथ ही घटना के समय मौजूद यात्रियों और अन्य संभावित गवाहों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।