crime

बरेली अस्पताल से महिला कैदी फरार, बुर्का पहनकर सिपाहियों को दिया चकमा l

बरेली जिला अस्पताल से POCSO एक्ट के मामले में जेल में बंद 48 वर्षीय महिला कैदी ममता फरार हो गई। वह टॉयलेट जाने के बहाने सुरक्षा में तैनात दो महिला सिपाहियों से दूर हुई और अंदर सलवार-सूट बदलकर बुर्का पहन लिया। इसके बाद अस्पताल से निकल गई। लापरवाही के आरोप में दोनों महिला सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है।

Kashish Rai05 सित. 2026, 06:36 PM IST
खबर शेयर करें:
बरेली अस्पताल से महिला कैदी फरार, बुर्का पहनकर सिपाहियों को दिया चकमा l

उत्तर प्रदेश के बरेली में जिला अस्पताल से जेल में बंद एक महिला कैदी के फरार होने का मामला सामने आया है। POCSO एक्ट के मामले में आरोपी 48 वर्षीय ममता को दिसंबर 2025 में फरीदपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उसे केंद्रीय कारागार-2 भेजा गया था। 31 अगस्त को अदालत में पेशी के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे बरेली जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में ममता की सुरक्षा के लिए दो महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। पुलिस के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान ममता बार-बार टॉयलेट जा रही थी। पुलिस को आशंका है कि इसी दौरान उसने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और फरार होने का मौका तलाशती रही।

खाना खाने के दौरान मिली मौका

बताया जा रहा है कि शाम के समय दोनों महिला पुलिसकर्मी खाना खा रही थीं। इसी दौरान ममता अकेले टॉयलेट चली गई। टॉयलेट के अंदर उसने अपना सलवार-सूट बदलकर बुर्का पहन लिया और इसके बाद अस्पताल से बाहर निकल गई। काफी देर तक ममता के वापस नहीं आने पर दोनों महिला सिपाहियों को शक हुआ। जब वे टॉयलेट पहुंचीं तो वहां ममता मौजूद नहीं थी। अंदर उसके कपड़े टंगे हुए मिले। इसके बाद अस्पताल और आसपास के इलाके में उसकी तलाश शुरू की गई।

बेटे के पास किया फोन

घटना के बाद ममता का बेटा केशव भी अस्पताल पहुंचा। उसने पुलिस को बताया कि ममता ने किसी दूसरे व्यक्ति के फोन से उसे कॉल किया था। फोन पर उसने बताया कि वह अस्पताल से बाहर निकल चुकी है और अब अपना मामला खुद देख लेगी। इस कॉल के सामने आने के बाद पुलिस को ममता के अस्पताल से फरार होने की पुष्टि हुई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अस्पताल से निकलने के बाद वह कहां गई और क्या फरारी में किसी अन्य व्यक्ति ने उसकी मदद की।

दोनों महिला सिपाही निलंबित

घटना को सुरक्षा में गंभीर लापरवाही मानते हुए एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात दोनों महिला पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित कर दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ममता की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। उसके रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही पुलिस अस्पताल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किस रास्ते से अस्पताल से बाहर निकली और उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति था या नहीं। फिलहाल पुलिस फरार महिला कैदी की तलाश के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की भी जांच कर रही है।