general
बिहार के वैशाली में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर गिरने से 7 मजदूर घायल l
बिहार के वैशाली जिले में भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत बन रही NH-139W फोरलेन सड़क पर बड़ा हादसा हुआ। लालगंज के जलालपुर गांव में निर्माणाधीन पुल पर लॉन्चर शिफ्ट करने के दौरान उसका फ्रंट सपोर्ट फेल हो गया, जिससे भारी-भरकम लॉन्चर नीचे गिर गया। हादसे में कई मजदूर घायल हुए, जिनमें तीन को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। NHAI ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि मुख्य पुल के ढांचे को नुकसान नहीं पहुंचा है और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जा रही है।

बिहार के वैशाली में भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत बन रही पटना-बेतिया फोरलेन सड़क पर निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। लालगंज के जलालपुर गांव में सती स्थान के पास निर्माणाधीन पुल पर लॉन्चर शिफ्ट करने के दौरान भारी मशीन अचानक नीचे गिर गई। हादसे में कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए और घायल हो गए।जानकारी के मुताबिक, पुल पर लॉन्चर को एक स्थान से दूसरे स्थान पर शिफ्ट करने का काम चल रहा था। इसी दौरान लॉन्चर का फ्रंट सपोर्ट अचानक फेल हो गया। इसके बाद भारी मशीन नीचे गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए।
बताया गया कि एक मजदूर लॉन्चर के नीचे दब गया था, जिसे करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। घायलों को तत्काल लालगंज रेफरल अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल तीन मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कंपनी पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण स्थल पर पर्याप्त आपातकालीन व्यवस्था और एंबुलेंस की सुविधा मौजूद नहीं थी। लोगों ने हादसे की जांच और निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
यह निर्माण कार्य एकलव्य कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा किया जा रहा है। हादसे के बाद निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। वहीं, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने घटना को लेकर अपना पक्ष जारी किया है। NHAI के मुताबिक, हादसा NH-139W पर पुल निर्माण स्थल पर लॉन्चर शिफ्टिंग के दौरान हुआ। प्राधिकरण ने कहा कि मुख्य पुल के ढांचे को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। NHAI ने बताया कि मौके पर मौजूद चार मजदूर घायल हुए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रोजेक्ट टीम घायलों के स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है। प्राधिकरण ने यह भी कहा कि निर्माण की गुणवत्ता और मजदूरों की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जा रही है।
