culture

इंडियन कल्चर पोर्टल 2.0 लॉन्च, 22 भारतीय भाषाओं में मिलेगी सांस्कृतिक विरासत की डिजिटल जानकारी

भारत की सांस्कृतिक विरासत को डिजिटल माध्यम से दुनिया तक पहुंचाने के लिए इंडियन कल्चर पोर्टल का अपग्रेडेड संस्करण 2.0 मार्च 2026 में शुरू किया गया। इसमें 22 भारतीय भाषाओं का समर्थन, एआई चैटबॉट ‘भारती’, बेहतर सर्च और फिल्टर, मोबाइल-अनुकूल सुविधा तथा देशभर के सांस्कृतिक संस्थानों के डिजिटल संसाधनों को एक मंच पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

Priyanka Gaikwad11 अग. 2026, 05:53 PM IST
खबर शेयर करें:
इंडियन कल्चर पोर्टल 2.0 लॉन्च, 22 भारतीय भाषाओं में मिलेगी सांस्कृतिक विरासत की डिजिटल जानकारी
नई दिल्ली। भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को डिजिटल रूप से संरक्षित करने और आम लोगों तक आसानी से पहुंचाने की दिशा में केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। मार्च 2026 में इंडियन कल्चर पोर्टल (ICP) का अपग्रेडेड संस्करण 2.0 शुरू किया गया। इसे आधुनिक, सुरक्षित और स्केलेबल तकनीकी ढांचे के साथ विकसित किया गया है। पोर्टल के नए संस्करण में 22 भारतीय भाषाओं में सामग्री उपलब्ध कराने की सुविधा जोड़ी गई है। इसके लिए इसे भाषिणी प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है।

साथ ही, एआई आधारित चैटबॉट ‘भारती’ शुरू किया गया है, जो स्मार्ट सर्च, सामग्री खोजने और बहुभाषी संवाद में मदद करेगा। पोर्टल पर सांस्कृतिक संसाधनों को खोजने के लिए उन्नत सर्च और फिल्टरिंग सिस्टम भी उपलब्ध कराया गया है। इसे Progressive Web Application (PWA) के रूप में विकसित किया गया है, जिससे डेस्कटॉप, लैपटॉप, टैबलेट और मोबाइल फोन पर इसे आसानी से इस्तेमाल किया जा सकेगा।

एक मंच पर सांस्कृतिक संसाधन

इंडियन कल्चर पोर्टल संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले संग्रहालयों, पुस्तकालयों, अभिलेखागार, स्मारकों और अन्य सांस्कृतिक संस्थानों से प्राप्त डिजिटल संसाधनों को एकीकृत करता है। मानकीकृत मेटाडेटा, एपीआई और संस्थागत ऑनबोर्डिंग के जरिए अलग-अलग संस्थानों को पोर्टल से जोड़ा गया है। इससे विद्यार्थी, शिक्षक, शोधकर्ता और आम नागरिक एक ही डिजिटल मंच के जरिए पांडुलिपियों, कलाकृतियों, संग्रहालयों और विभिन्न विरासत संग्रहों से जुड़ी प्रमाणित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। पोर्टल के जरिए सांस्कृतिक विरासत का वर्चुअल अन्वेषण भी संभव होगा। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उनके अनुसार, पोर्टल का उद्देश्य भारत की मूर्त और अमूर्त सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उसके दीर्घकालिक डिजिटल संरक्षण को मजबूत करना है।

महाराष्ट्र के कई संस्थान भी जुड़े

इंडियन कल्चर पोर्टल से जुड़े संस्थानों की राज्य और केंद्रशासित प्रदेशवार सूची में महाराष्ट्र के कई महत्वपूर्ण संस्थान शामिल हैं। इनमें छत्रपति शिवाजी महाराज वस्तु संग्रहालय, महाराष्ट्र राज्य अभिलेखागार, मणि भवन और दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, केरल, गुजरात, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना सहित कई राज्यों के संग्रहालय, पुस्तकालय, अभिलेखागार और सांस्कृतिक संस्थान भी इस डिजिटल मंच से जुड़े हैं।