crime
जेल से बाहर आते ही पॉक्सो आरोपी का खूनी तांडव
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में शुक्रवार रात पॉक्सो (POCSO) एक्ट का एक आरोपी जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद कथित तौर पर छह लोगों की हत्या कर दी।
Vindhya Dubey13 जुल. 2026, 05:10 PM IST

आरोपी पहले एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न के आरोप में पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत जेल में बंद था। यह मामला नाबालिग लड़की और उसकी मां की शिकायत पर दर्ज किया गया था। कुछ समय जेल में बिताने के बाद, हाल ही में अदालत से जमानत मिलने पर आरोपी जेल से बाहर आया था। बाहर आते ही उसने शिकायतकर्ता परिवार और अपने खुद के परिवार को खत्म करने की साजिश रची।
खौफनाक वारदात का सिलसिला
जमानत पर बाहर आते ही आरोपी ने शुक्रवार की रात एक के बाद एक 6 लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। यह खूनी खेल कुछ ही घंटों के भीतर खेला गया:
- पहला हमला: आरोपी सबसे पहले शाबाद कस्बे में नाबालिग पीड़िता के घर पहुंचा, जहां उसने कथित तौर पर लड़की की मां और नानी की धारदार हथियार से हत्या कर दी।
- दूसरी बहन को छोड़ दिया: घर में मौजूद नाबालिग लड़की की एक 20 वर्षीय दिव्यांग (विकलांग) बड़ी बहन को आरोपी ने कोई नुकसान नहीं पहुंचाया और उसे छोड़ दिया।
- नाबालिग का अपहरण और हत्या: इसके बाद वह नाबालिग लड़की को जबरन कार में अपने पैतृक गांव धैवलगुडा ले गया। आरोप है कि गांव के पास एक झील के किनारे उसने चाकू मारकर उसकी भी हत्या कर दी।
- अपने ही परिवार की हत्या: इसके बाद आरोपी अपने घर पहुंचा, जहां उसने कथित तौर पर अपनी 30 वर्षीय पत्नी और चार वर्ष तथा डेढ़ वर्ष के दो बेटों की भी हत्या कर दी।
इस वीभत्स हत्याकांड को अंजाम देने के बाद, आरोपी ने रात करीब 11:50 बजे अपने पिता को फोन किया। उसने बेहद ठंडे दिमाग से अपने पिता से कहा कि उसने "दोनों परिवारों को खत्म कर दिया है" और अब वह खुदकुशी (आत्महत्या) करने जा रहा है। इसके बाद उसने अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर दिया और कार लेकर फरार हो गया। घबराए पिता ने तुरंत पुलिस को इस बात की सूचना दी।
पुलिस की कार्रवाई और वर्तमान स्थिति
पुलिस ने हत्या के मामले दर्ज कर आरोपी को पकड़ने के लिए सात विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस तकनीकी डेटा, सीसीटीवी फुटेज और हाईवे के टोल प्लाजा खंगाल रही है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य वजह पॉक्सो केस का बदला लेना ही था, लेकिन आरोपी भारी कर्ज और जुए की लत के कारण भी भारी मानसिक तनाव में था। आरोपी की तलाश में पूरे राज्य में नाकेबंदी कर दी गई है।
