sports
खेलो इंडिया डायलॉग: खेल की बात, पीएम मोदी के साथ’ — 27 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस पर युवाओं और खिलाड़ियों से संवाद करेंगे प्रधानमंत्री
नई दिल्ली: देश भर में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त 2026 को एक राष्ट्रव्यापी पहल ‘खेलो इंडिया डायलॉग - खेल की बात, पीएम मोदी के साथ’ का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष संवाद कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश भर के 1,500 से अधिक शिक्षण संस्थानों से जुड़े उभरते युवा खिलाड़ियों, खेल हस्तियों और नीति निर्माताओं से वर्चुअल माध्यम से संवाद करेंगे। इस पहल का उद्देश्य युवाओं के विचारों, सुझावों और जमीनी अनुभवों को खेल नीति-निर्माण से जोड़ना और भारत के खेल पारितंत्र को सशक्त बनाना है।

1500 से अधिक स्थानों पर जुड़ेगा युवा वर्ग
राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर आयोजित होने वाला यह संवाद देश के खेल और युवा विकास को नई दिशा देने की दिशा में एक अहम कदम है। इस राष्ट्रव्यापी पहल में देश भर के 1,500 से अधिक प्रमुख शैक्षणिक संस्थान शामिल होंगे। इनमें आईआईटी (IIT), आईआईएम (IIM), एनआईटी (NIT), एम्स (AIIMS), प्रमुख मेडिकल कॉलेज और विभिन्न विश्वविद्यालय शामिल हैं।
प्रधानमंत्री के संबोधन से होगी शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्चुअल संबोधन से होगी। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद सभी प्रतिभागी केंद्रों पर एक साथ संवाद और चर्चा सत्र आरंभ किए जाएंगे।
इन चार मुख्य विषयों पर होगी विस्तृत चर्चा:
इस आयोजन में युवा प्रतिभागी और विशेषज्ञ चार प्रमुख विषयों पर अपने विचार और सुझाव साझा करेंगे:
- खेल पारितंत्र का विस्तार: जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं, प्रशिक्षण और अवसरों को मजबूत करना।
- ओलंपिक 2036 की तैयारी: वैज्ञानिक प्रतिभा पहचान (Talent Identification) और एथलीट विकास के जरिए 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं का पोषण।
- शासन में युवा नेतृत्व: प्रशासनिक और खेल निर्णयों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना।
- कौशल और राष्ट्र निर्माण: युवाओं को भविष्य-उपयोगी कौशल, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए सशक्त बनाना।
दिग्गज खिलाड़ी साझा करेंगे अपनी यात्रा
इस संवाद कार्यक्रम में भारत के जाने-माने खेल सितारे और पदक विजेता युवाओं से सीधे रूबरू होंगे। प्रमुख खिलाड़ियों में:
- पीटी उषा, मैरी कॉम, मीराबाई चानू, साइना नेहवाल, दीपा कर्माकर, कर्णम मल्लेश्वरी, अंजू बॉबी जॉर्ज
- गगन नारंग, पी.आर. श्रीजेश, बाइचुंग भूटिया, पुलेला गोपीचंद और कई जाने-माने क्रिकेटर शामिल रहेंगे।
ये दिग्गज अपने खेल सफर की चुनौतियों, सफलताओं और अनुभवों को युवाओं के साथ साझा करेंगे। इसके अतिरिक्त केंद्रीय मंत्री, राज्य मंत्री, राज्यों के खेल मंत्री, सांसद और विधायक भी युवाओं के साथ चर्चा करेंगे।
'माय भारत' पोर्टल और क्विज का आयोजन
कार्यक्रम के अंतर्गत 'विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज' भी आयोजित की जाएगी। साथ ही, प्रतिभागियों को ‘माय भारत’ (MY Bharat) पोर्टल पर पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि इस एक दिवसीय आयोजन के बाद भी वे खेल और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में निरंतर रूप से जुड़े रह सकें।
