government
कांवड़ यात्रा में उपद्रवियों पर होगी सख्त कार्रवाई, सीएम योगी ने अफसरों को दिए कानून व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, कांवड़ यात्रा, बाढ़ की स्थिति, खाद की उपलब्धता और आगामी त्योहारों की तैयारियों को लेकर गुरुवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, अनुशासन और सामाजिक समरसता का महापर्व है। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार का उपद्रव, गुंडागर्दी, अराजकता या माहौल खराब करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले, अफवाह फैलाने वाले और सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रम फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाए।
कांवड़ यात्रा और बरेली में विशेष सतर्कता के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहें और किसी भी संवेदनशील स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखें। उन्होंने बरेली में कांवड़ यात्रा और आला हजरत उर्स को देखते हुए विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों बड़े आयोजनों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट, आपत्तिजनक सामग्री और अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सोशल मीडिया सेल को सक्रिय रखा जाए और माहौल खराब करने वाले तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल वाहनों की नियमित फिटनेस जांच सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही ई-रिक्शा, टैक्सी और स्कूल वाहन चालकों का सत्यापन कराया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों और आम लोगों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित बनाया जाए।
महिला अपराधों पर नहीं होगी कोई ढिलाई
महिला सुरक्षा की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिलाओं की शिकायतों का तुरंत निस्तारण किया जाए और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शोहदों और टप्पेबाजों की पहचान सार्वजनिक की जाए। संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और मिशन शक्ति अभियान को और प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। पुलिस की मौजूदगी और सक्रियता से अपराधियों में कानून का भय पैदा होना चाहिए।
घुमंतू समाज के लिए बनेगा विकास बोर्ड, सम्मान और विकास की दिशा में कदम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घुमंतू और विमुक्त जातियों के विकास को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब घुमंतू समाज को दर-दर भटकने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा। सरकार ने घुमंतू विकास बोर्ड के गठन का निर्णय लिया है, जिसके माध्यम से इस समाज के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक विकास को गति दी जाएगी। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित घुमंतू समाज के आभार एवं अभिनंदन समारोह में उन्होंने कहा कि 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के बाद अंग्रेजों ने 1871 के क्रिमिनल ट्राइब एक्ट के माध्यम से कई वीर समुदायों को अपराधी घोषित कर दिया था, जबकि इन समुदायों ने देश की आजादी के संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने इस अन्याय को समाप्त कर विमुक्त जातियों को सम्मान दिलाने का काम किया, लेकिन लंबे समय तक इन समुदायों के विकास पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि घुमंतू विकास बोर्ड के गठन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इसमें घुमंतू एवं विमुक्त जातियों के प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
कई वंचित समुदायों को योजनाओं से जोड़ा गया
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने वनटांगिया, मुसहर, थारू, गौड़, चेरो, बुक्सा, कोल सहित कई वंचित समुदायों को मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है। इन समुदायों को राशन कार्ड, आवास, भूमि के पट्टे और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया है। सरकार का उद्देश्य सभी वर्गों का समान विकास सुनिश्चित करना है।
"घुमंतू नहीं, अब टिकंतू बन रहा समाज"
समाज कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण ने कहा कि सरकार के प्रयासों से अब यह समाज घुमंतू नहीं बल्कि टिकंतू बन रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को अब घर, बिजली और आजीविका के साधन उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि घुमंतू विकास बोर्ड के गठन के बाद विशेष कार्यदल बनाया जाएगा, जो योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी करेगा।
किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कृषि व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि खाद की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि खाद वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए और किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।
बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत कार्य तेज करने के निर्देश
बाढ़ की स्थिति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रभावित जिलों में राहत और बचाव कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तटबंधों की लगातार निगरानी की जाए और कटान से प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। जिला प्रशासन को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रशासन की सक्रियता और संवेदनशीलता सबसे महत्वपूर्ण होती है। प्रभावित लोगों को समय पर राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की समीक्षा बैठक में कानून व्यवस्था से लेकर सामाजिक विकास, महिला सुरक्षा, किसान हित और आपदा प्रबंधन तक कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर दिशा-निर्देश दिए गए। सरकार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कांवड़ यात्रा और अन्य धार्मिक आयोजनों में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी, वहीं समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के विकास के लिए नई योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।
