law-order

काकोरी में पुलिस टीम पर SUV चढ़ाने का प्रयास, दरोगा घायल

मारपीट का आरोपी करीब 20 दिन से था फरार, पकड़ने पहुंची पुलिस को देखकर भागने की कोशिश

Samant Dubey10 अग. 2026, 02:15 PM IST
खबर शेयर करें:
काकोरी में पुलिस टीम पर SUV चढ़ाने का प्रयास, दरोगा घायल
पुलिस के मुताबिक काकोरी क्षेत्र में टिंबर व्यापारी जितेंद्र सिंह पर 21 जुलाई को हमला हुआ था। इस मामले में अभिषेक राजपूत आरोपी बताया गया है। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था।
पुलिस को 9 अगस्त को सूचना मिली कि आरोपी मलिहाबाद क्षेत्र के हरदोईया लाल नगर गांव में SUV के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस की दो टीमें आरोपी को पकड़ने के लिए मौके पर पहुंचीं।
पुलिस को देखते ही SUV से भागने लगा
रिपोर्ट के अनुसार पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने SUV स्टार्ट कर दी और मौके से भागने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान उसने विवेचक दरोगा अमित चौधरी को SUV से टक्कर मार दी, जिससे दरोगा घायल हो गए। इसके बाद आरोपी ने पुलिस वाहन को भी टक्कर मारी और तेजी से मौके से निकल गया। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया, लेकिन आरोपी वाहन छोड़कर जंगल की ओर भागने में सफल रहा।
आरोपी का रिश्तेदार हिरासत में
पुलिस ने मौके से आरोपी के मौसेरे भाई दीपक को हिरासत में लिया है। घायल दरोगा को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के संबंध में पुलिस की ओर से आरोपी के खिलाफ अलग से कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की कार्रवाई जारी हैं।
पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले में SUV और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।