government

छात्रों की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : केशव प्रसाद मौर्य l

प्रयागराज में आयोजित ‘छात्रों की बात, युवाओं के साथ’ कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रतियोगी छात्रों की समस्याओं का समाधान डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के सुझावों और अनुभवों के आधार पर आवश्यक निर्णय लेगी तथा भर्ती प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और भरोसेमंद बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। केशव प्रसाद मौर्य ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और किसी भी प्रकार की अनियमितता को लेकर सरकार की सख्त नीति दोहराई। उन्होंने कहा कि योग्य और मेहनती अभ्यर्थियों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए बनाए गए कड़े कानून के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

Kashish Rai08 अग. 2026, 03:00 PM IST
खबर शेयर करें:
छात्रों की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : केशव प्रसाद मौर्य l

 उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रतियोगी छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों का भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल बनाना सरकार की प्राथमिकता है। भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मामलों में छात्रों की समस्याओं, सुझावों और अनुभवों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक नीतिगत फैसले लिए जाएंगे l


प्रयागराज में आयोजित ‘छात्रों की बात, युवाओं के साथ’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी छात्रों को भर्ती और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी व्यवहारिक कठिनाइयों का सबसे अधिक अनुभव होता है। इसलिए उनके सुझाव सरकार के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों की ओर से दिए गए सुझावों का गंभीरता से परीक्षण किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री तथा कैबिनेट स्तर पर भी चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा।


केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रतियोगी परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल, भ्रष्टाचार या पेपर लीक को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योग्य और मेहनती अभ्यर्थियों को उनकी प्रतिभा और परिश्रम के आधार पर अवसर मिलना चाहिए तथा किसी भी स्तर पर उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।


उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सरकार ने सख्त कानून बनाया है। इसके साथ ही भर्ती और परीक्षा प्रक्रियाओं की निगरानी को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और चयन प्रक्रियाओं को पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और जवाबदेह बनाने का प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिसमें अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले, परीक्षा के दौरान और परिणाम के बाद किसी प्रकार की अनिश्चितता का सामना न करना पड़े। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों की निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक स्तर पर जवाबदेही को मजबूत किया जा रहा है। परीक्षा प्रणाली में तकनीकी और प्रशासनिक सुधारों पर भी लगातार काम किया जा रहा है।


केशव प्रसाद मौर्य ने प्रतियोगी छात्रों से अपनी समस्याएं और सुझाव लिखित रूप में अथवा ई-मेल के माध्यम से सरकार को उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सुझाव का विभागीय स्तर पर परीक्षण किया जाएगा और जो विषय नीतिगत निर्णय से जुड़े होंगे, उन पर उच्च स्तर पर विचार किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को छात्र हित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करने की आवश्यकता बताई।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। छात्रों ने भर्ती परीक्षाओं, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया, परीक्षा तिथियों, परिणाम, कटऑफ और अन्य विषयों से जुड़ी अपनी समस्याएं उप मुख्यमंत्री के सामने रखीं। छात्रों ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, समय पर परीक्षा आयोजन और चयन प्रक्रिया को सरल एवं स्पष्ट बनाने से जुड़े सुझाव भी दिए।


उप मुख्यमंत्री ने छात्रों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं की चिंताओं को समझती है और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएगी। उन्होंने छात्रों से सकारात्मक सोच के साथ अपनी तैयारी जारी रखने और किसी भी अफवाह पर भरोसा न करने की अपील की।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार रोजगार के अवसर बढ़ाने, चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने और युवाओं की प्रतिभा को उचित सम्मान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवा अपनी मेहनत, प्रतिभा और क्षमता के बल पर प्रदेश तथा देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।


उन्होंने युवाओं से अनुशासन और धैर्य के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि सरकार का प्रयास है कि मेहनती और योग्य अभ्यर्थियों को बिना किसी भेदभाव या बाधा के आगे बढ़ने का अवसर मिले। सरकार छात्रों की समस्याओं के समाधान और भर्ती प्रक्रिया में सुधार के लिए संवाद की प्रक्रिया आगे भी जारी रखेगी