general
दिल्ली में मूसलाधार बारिश का कहर! 15 फ्लाइट डायवर्ट, एयरपोर्ट ऑपरेशन प्रभावित; ‘26 उड़ानें रद्द’
दिल्ली-NCR में सोमवार, 24 अगस्त 2026 को तेज बारिश और आंधी-तूफान ने जनजीवन के साथ हवाई यातायात को भी प्रभावित किया। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से आने-जाने वाली उड़ानों पर असर पड़ा और 15 उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। इनमें 12 उड़ानें जयपुर, 2 चंडीगढ़ और 1 लखनऊ भेजी गई।
Kalpana Gautam24 अग. 2026, 03:55 PM IST

दिल्ली में बारिश और तूफान से हवाई यातायात प्रभावित
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली। कई इलाकों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलीं। खराब मौसम का सीधा असर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की उड़ान सेवाओं पर पड़ा। ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, 15 उड़ानों को दिल्ली एयरपोर्ट से डायवर्ट किया गया, जिनमें तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल थीं। 12 उड़ानों को जयपुर, दो को चंडीगढ़ और एक उड़ान को लखनऊ डायवर्ट किया गया।
एयरलाइंस ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी
खराब मौसम को देखते हुए एयर इंडिया, इंडिगो, स्पाइसजेट और अकासा एयर समेत कई एयरलाइंस ने यात्रियों को अपनी उड़ान का स्टेटस जांचने की सलाह दी। एयर इंडिया ने कहा कि दिल्ली से आने-जाने वाली उड़ानें प्रतिकूल मौसम से प्रभावित हो सकती हैं। इंडिगो ने भी दिल्ली के ऊपर खराब मौसम के कारण फ्लाइट शेड्यूल प्रभावित होने की जानकारी दी। स्पाइसजेट ने यात्रियों को दिल्ली से जुड़ी उड़ानों का स्टेटस चेक करने की सलाह दी।
MD ने जारी की भारी बारिश की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD के अनुसार दिल्ली के कई हिस्सों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई थी। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, मध्य दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली और उत्तर दिल्ली के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई।
सड़कों पर भी दिखा बारिश का असर
भारी बारिश के कारण दिल्ली के कई हिस्सों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति देखने को मिली। नोएडा की ओर जाने वाले कई यात्रियों ने सामान्य से काफी ज्यादा यात्रा समय लगने की शिकायत की। कुछ इलाकों में पानी भरने से सड़क यातायात की रफ्तार भी धीमी हुई।
