general
उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड ने बरौत, हंडिया में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, प्रयागराज द्वारा बरौत, हंडिया में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण युवाओं, महिलाओं तथा स्वरोजगार के इच्छुक लोगों को विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, मुख्यमंत्री माटीकला ग्रामोद्योग रोजगार योजना तथा माटीकला टूलकिट योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में अवगत कराया गया। विशेषज्ञों ने इन योजनाओं की पात्रता शर्तों, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता की ओर प्रेरित करना था। अधिकारियों ने कहा कि इन योजनाओं का लाभ उठाकर ग्रामीण जन अपनी आजीविका को मजबूत बना सकते हैं और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित कर सकते हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए और उन्होंने योजनाओं से जुड़े प्रश्नों के उत्तर भी प्राप्त किए। बोर्ड द्वारा आयोजित इस जागरूकता अभियान से क्षेत्र के लोगों में स्वरोजगार के प्रति उत्साह बढ़ा है।
